Sensex Today | भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार, 15 दिसंबर को नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। सेंसेक्स ने पहली बार 71,000 का आंकड़ा पार किया। निफ्टी भी नई ऊंचाई पर पहुंच गया। कारोबार की समाप्ति पर सेंसेक्स 969 अंक की बढ़त के साथ 71,483 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 266 अंक चढ़कर 21,449 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयरों में तेजी और आठ में गिरावट रही।

वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख और विदेशी निवेशकों के जारी निवेश से घरेलू शेयर बाजार को बल मिला। सुबह सेंसेक्स 70,804.13 पर खुला था। कुछ ही समय में सेंसेक्स 569.88 अंक उछलकर 71,084.08 अंक की नई ऊंचाई पर पहुंच गया। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 357 लाख करोड़ रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया।

आज फिर से आईटी शेयरों में खरीदारी से बाजार में जबरदस्त तेजी आई है। निफ्टी आईटी इंडेक्स 1,560 अंक चढ़कर 35,782 पर बंद हुआ। निफ्टी का आईटी इंडेक्स दो दिन में 2500 अंक चढ़ा है। इसके अलावा बैंकिंग। मेटल, एनर्जी, इंफ्रा, ऑयल एंड गैस और कंज्यूमर ड्युरेबल्स शेयरों में तेजी रही। वहीं ऑटो, एफएमसीजी, रियल एस्टेट, मीडिया और हेल्थकेयर शेयर नुकसान के साथ बंद हुए। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।

ब्याज दरों को लेकर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नरम रुख से बाजार को एक और बल मिला है। अमेरिकी केंद्रीय बैंक ने 2024 में दरों में कटौती के संकेत दिया है। इससे बैंकिंग और आईटी क्षेत्रों में वृद्धि को गति मिल रही है क्योंकि उन्हें मांग आधारित सुधार की उम्मीद है। इसका असर घरेलू शेयर बाजारों के साथ-साथ वैश्विक बाजारों में भी देखने को मिल रहा है। इससे पहले रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया था, जिससे घरेलू शेयर बाजारों को बल मिला था।

Disclaimer : म्यूचुअल फंड और शेयर बाजार में निवेश जोखिम पर आधारित होता है।  शेयर बाजार में निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। hindi.Maharashtranama.com किसी भी वित्तीय नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होंगे।

News Title : Sensex Today 15 December 2023

Sensex Today